लाइव सिटीज, पटना: बिहार के हाजीपुर में एक खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। औद्योगिक थाना क्षेत्र की राजपूत कॉलोनी में एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के सिर में पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए SDPO सुबोध कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना हाजीपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित राजपूत कॉलोनी की है। दीपावली की रात लोग अपने घरों में पूजा-पाठ और उत्सव की तैयारियों में जुटे थे। चारों तरफ रोशनी और आतिशबाजी का माहौल था। इसी बीच राजपूत कॉलोनी में अचानक गोली चलने की घटना सामने आई।
आरोप है कि राकेश चौहान ने अपनी पत्नी के सिर में पिस्टल से गोली मार दी। गोली लगते ही महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते खुशियों वाला माहौल चीख-पुकार और दहशत में बदल गया।
