HomeBiharजमुई मामले में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में...

जमुई मामले में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में लगी गोली; गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर हमला कर भागने की कोशिश

लाइव सिटीज, जमुई: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा और उसके दोस्त के साथ अभद्र व्यवहार के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। मामले के मुख्य आरोपी बताए जा रहे नंदन यादव को गिरफ्तार करने के दौरान पुलिस की गोली पैर में लगी है। ताजा जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान नंदन यादव ने पुलिस टीम पर हमला किया और वहां से भागने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस पर हमला कर भागने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, नंदन यादव की गिरफ्तारी के लिए टीम कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर भागने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।

तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने इससे पहले मिथिलेश कुमार, प्रमोद कुमार और गोलू कुमार को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, तीनों की उम्र करीब 25 से 26 वर्ष के बीच है और उनकी गिरफ्तारी नगर थाना क्षेत्र से की गई। मामले में कुल सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस वायरल वीडियो और पीड़ितों के बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद तेज हुई कार्रवाई

घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद पीड़ित की पहचान कर उसका बयान दर्ज किया गया और आरोपियों की पहचान की गई। वहीं, पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक करीब 120 सोशल मीडिया प्रोफाइल के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

फिलहाल इस मामले में ताजा स्थिति यह है कि तीन आरोपी—मिथिलेश, प्रमोद और गोलू कुमार—पहले गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि मुख्य आरोपी बताए जा रहे नंदन यादव को भी पुलिस कार्रवाई के दौरान पकड़ लिया गया है और उसके पैर में गोली लगी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की जांच जारी है

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home