HomeBiharबिहार के 19 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, 25 सितंबर तक...

बिहार के 19 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, 25 सितंबर तक बदलता रहेगा मौसम का मिजाज; जानें कहां होगी भारी बारिश

लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी है, लेकिन अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग ने आज पटना समेत राज्य के 19 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. अगले 24 घंटे के दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है. कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसके प्रभाव से पूर्वी राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. इसका असर बिहार के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है.

राज्य में इस मानसून सीजन के दौरान अब तक करीब 589.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. सामान्य तौर पर इस अवधि में करीब 931.9 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी. इस हिसाब से बिहार में अब तक सामान्य से करीब 37% कम बारिश हुई है.

पिछले 24 घंटे के दौरान भी मानसून की गतिविधियां कमजोर रहीं. पूर्वी बिहार के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. मध्य बिहार के कुछ इलाकों और दक्षिण-पश्चिम बिहार के एक-दो स्थानों पर भी बारिश दर्ज की गई. वहीं, उत्तर-पश्चिम बिहार में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा.

पटना में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. तापमान 34 डिग्री से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

23 सितंबर को भी बिहार के कई जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है. इस दौरान बारिश या गरज के साथ एक-दो दौर की बौछारें पड़ सकती हैं. तापमान 33 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

24 सितंबर को बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान तापमान 30 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.25 सितंबर को बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग ने इस दिन भारी बारिश की संभावना जताई है. तापमान करीब 30 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home