लाइव सिटीज, पटना: मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी बुधवार को पूरे बिहार में बारिश की चेतावनी जारी की है। 38 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। इस दौरान कई जगहों पर आकाशीय बिजली भी गिरने की आशंका है।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 26 सितंबर तक पूरे बिहार में मौसम बदला रहेगा। इस दौरान कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना है।पिछले 24 घंटे में जमुई में बारिश हुई। वहीं, पटना, गया में दिन में तेज धूप निकली रही, जिससे लोगों को उमस महसूस हुई।
24 घंटे में गया में सबसे ज्यादा बारिश की गई दर्ज
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश गायाजी जिले के टनकुप्पा में 52.2 मिमी दर्ज की गई। गायाजी के टेकरी में 42.4 मिमी, नवादा के अकबरपुर में 38 मिमी, गायाजी के बेलागंज में 19.4 मिमी और कोंच में 18.2 मिमी बारिश हुई। गायाजी के फतेहपुर में 14.8 मिमी, नवादा के गोबिंदपुर में 14.4 मिमी और जहानाबाद के मखदुमपुर में 14.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश
पटना का बारिश नहीं हुई। हालांकि, राज्य के दक्षिणी हिस्से के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई। गया, नवादा, जहानाबाद, अरवल और औरंगाबाद के कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई।मानसून के पूरे सीजन में बिहार में अब तक 589.9 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जबकि सामान्य बारिश 938.6 मिमी होनी चाहिए थी। इस तरह राज्य में अब तक सामान्य से करीब 37 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
कैमूर का भभुआ रहा सबसे गर्म
21 सितंबर को बिहार में सबसे अधिक अधिकतम तापमान कैमूर के भभुआ में 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 22 सितंबर को सबसे कम न्यूनतम तापमान रोहतास के डेहरी में 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने के कारण कई जिलों में दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जाहिर की है। ऐसे में बारिश के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं के आसपास रहने से बचना बेहतर होगा।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
24 सितंबर को भी बिहार में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पटना में इस दिन अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
25 सितंबर को बारिश और तेज हो सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में इस दिन सामान्य रूप से बादल छाए रहने के साथ भारी बारिश की संभावना है। पटना का अधिकतम तापमान इस दिन करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
