लाइव सिटीज, पटना: भोजपुरी सिनेमा के ‘पावर स्टार’ कहे जाने वाले लोकप्रिय गायक और अभिनेता पवन सिंह के राजनीतिक करियर को लेकर चल रहा लंबा सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है. भारतीय जनता पार्टी ने बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए जारी अपनी आधिकारिक सूची में पवन सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है.
लंबे समय से अलग-अलग चुनावों के दौरान पवन सिंह को बीजेपी से टिकट मिलने की अटकलें लगाई जा रही थीं जो अब जाकर सच साबित हुई हैं. बीजेपी का आधिकारिक टिकट मिलने के बाद पवन सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है.
बीजेपी की ओर से उम्मीदवार घोषित किए जाने के तुरंत बाद पवन सिंह ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए पार्टी को धन्यवाद दिया. उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी को मेरे ऊपर विश्वास जताने के लिए दिल से धन्यवाद एवं आभार”.
पवन सिंह को टिकट मिलने के बाद बीजेपी के कई कद्दावर नेताओं ने उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा समेत कई नेताओं ने पवन सिंह को बधाई दी. बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने पवन सिंह को उम्मीदवार बनाए जाने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की.
