लाइव सिटीज, पटना: राजधानी पटना में उस समय अफरातफरी मच गई, जब पूर्णिया से हटिया जा रही कोसी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18626) में आग लगने की अफवाह फैल गई। रानीपुर रेलवे फाटक के पास ट्रेन में आग लगने की सूचना मिलते ही यात्रियों के बीच दहशत फैल गई। अपनी जान बचाने की कोशिश में कई यात्री इमरजेंसी गेट से नीचे कूदने लगे। इस दौरान करीब 10 मिनट तक ट्रेन से यात्रियों के उतरने और कूदने का सिलसिला चलता रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम कोसी एक्सप्रेस रानीपुर रेलवे फाटक के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैल गई। देखते ही देखते यह खबर यात्रियों के बीच पहुंच गई। बिना पूरी जानकारी लिए कई यात्री घबरा गए और इमरजेंसी गेट की तरफ दौड़ पड़े। कुछ यात्रियों ने जल्दबाजी में ट्रेन से नीचे छलांग लगा दी।
अचानक मची इस अफरातफरी से ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया। यात्रियों को समझ नहीं आ रहा था कि ट्रेन में वास्तव में आग लगी है या किसी दूसरी वजह से यह स्थिति पैदा हुई है। रेलवे ट्रैक के आसपास भी कुछ देर तक अफरातफरी बनी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अफवाह फैलने के बाद करीब 10 मिनट तक यात्री ट्रेन से उतरते और नीचे कूदते रहे। इस दौरान यात्रियों में एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ दिखाई दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा और अफवाहों से पैदा होने वाले खतरे को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
