लाइव सिटीज, पटना: जेडीयू से छह साल के लिए निष्कासित होने के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह ने पार्टी में वापसी की संभावनाओं पर विराम लगा दिया है. उन्होंने साफ कहा है कि अब वे दोबारा जेडीयू में नहीं जाएंगे. अपने देसी अंदाज में अनंत सिंह ने कहा कि जब पार्टी ने उन्हें निकाल दिया है, तो वे वहां फेंका हुआ थूक चाटने नहीं जाएंगे.
उन्होंने भविष्य में विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का भी ऐलान किया. हालांकि, अनंत सिंह ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार आज भी उनके नेता और भगवान हैं. उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार को उनके साथ हो रही कार्रवाई की जानकारी नहीं है, क्योंकि वे अस्वस्थ हैं.
बेटी की शादी के बाद एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में अनंत सिंह ने जेडीयू में वापसी के सवाल पर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ही उन्हें जेडीयू में लेकर आए थे. लेकिन अब पार्टी ने उन्हें बाहर कर दिया है, इसलिए दोबारा वहां जाने का सवाल ही नहीं उठता.
अनंत सिंह ने अपने खास अंदाज में कहा कि वे फिर से फेंका हुआ थूक चाटने नहीं जाएंगे. ऐसा करने का उनका मन कभी नहीं करेगा. उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार आज भी उनके नेता और भगवान हैं. अनंत सिंह के मुताबिक, नीतीश कुमार को उनके साथ हो रही कार्रवाई के बारे में कुछ पता नहीं है.
