लाइव सिटीज, पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद की नाराज बेटी रोहिणी आचार्य ने सारण जिले के एक पार्टी पदाधिकारी के निष्कासन को लेकर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी ईमानदार जमीनी कार्यकर्ता या जिला स्तर के पदाधिकारी को बिना किसी ठोस कारण के निशाना बनाना ‘‘पूरी तरह गलत’’ है और यह पार्टी के हित में नहीं है।
रोहिणी आचार्य ने गुरुवार को राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सारण जिला के पार्टी प्रवक्ता हरेलाल यादव को अनुशासनहीनता के मनगढ़ंत आरोपों में छह वर्ष के लिए निष्कासित करना उन लोगों की दुर्भाग्यपूर्ण कार्रवाई है, जो पार्टी और संगठन के भीतर रहकर लगातार उसे कमजोर करने और उसके साथ विश्वासघात करने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने लिखा, ‘‘मैं फिर दोहराती हूं कि किसी निर्दोष, ईमानदार और जमीनी कार्यकर्ता या किसी भी जिला स्तरीय पदाधिकारी को बिना किसी उचित कारण के निशाना बनाना पूरी तरह गलत है और यह पार्टी के हित में नहीं है।’
रोहिणी ने कहा, ‘‘यदि संजय यादव या उनके जैसे लोगों पर सवाल उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी है, तो पहले मेरे खिलाफ कार्रवाई करने का साहस दिखाइए। मैं अभी भी पार्टी की सदस्य हूं और संजय यादव, रमीज तथा सुनील सिंह जैसे लोगों के चंगुल से पार्टी को मुक्त कराने के लिए अपनी आवाज उठाती रहूंगी। मैं लालू जी की बेटी हूं, गलत के सामने कभी नहीं झुकूंगी। जो लोग मेरे साथ हैं, वे निष्कासन के डर के बिना मजबूती से मेरा साथ देते रहेंगे।’’
