लाइव सिटीज, नवादा: बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के उम्मीदवार नीरज कुमार के समर्थन में मंगलवार, 13 अक्टूबर को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार नवादा पहुंचे। यहां गांधी मैदान में आयोजित NDA की जनसभा के जरिए गठबंधन ने अपने प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी माहौल बनाने की कोशिश की। इस दौरान निशांत कुमार ने नीरज कुमार और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नवल किशोर यादव के लिए वोट मांगे।
यह चुनाव जदयू के लिए इसलिए भी अहम हो गया है, क्योंकि मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। ऐसे में निशांत कुमार का नीरज के समर्थन में प्रचार करना पार्टी के भीतर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
नवादा में जुटे NDA के दिग्गज नेता
नवादा की जनसभा में निशांत कुमार के साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और मंत्री श्रवण कुमार समेत NDA के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कार्यक्रम में मंत्री संतोष कुमार सुमन, दामोदर रावत, लोजपा (रामविलास) के सांसद डॉ. अरुण भारती और अन्य जनप्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रही।सभा में NDA नेताओं ने गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। पटना स्नातक सीट के साथ पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर भी समर्थन जुटाने पर जोर दिया गया।
निशांत कुमार ने अपने संबोधन में शिक्षकों, युवाओं और बिहार की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों का जिक्र किया। उन्होंने NDA सरकार की ओर से शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में किए गए कार्यों को सामने रखते हुए गठबंधन के प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की।
जदयू के लिए नीरज कुमार की जीत को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे समय में जब पार्टी के एक विधायक ही उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार कर रहे हैं, निशांत का मैदान में उतरना राजनीतिक रूप से अहम है। इससे पार्टी नेतृत्व ने यह संकेत देने की कोशिश की है कि आधिकारिक उम्मीदवार को संगठन का समर्थन प्राप्त है।
वोनहीं, रज कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से समर्थन मांगा. उनका संदेश साफ था कि चुनाव में ताकत से ज्यादा कार्यकर्ताओं और नैतिक समर्थन की भूमिका अहम है।
दरअसल, अनंत सिंह नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल चुके हैं।वह जनसुराज समर्थित प्रत्याशी अनुज सिंह के पक्ष में रोड शो भी कर चुके हैं।अनंत सिंह ने नीरज कुमार की जमानत जब्त कराने की चुनौती भी दी है. ऐसे में नीरज कुमार के समर्थन में एनडीए नेताओं का प्रचार अहम माना जा रहा है।
बता दें कि नवादा दौरे से पहले निशांत कुमार ने अपने पिता और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था। इसके बाद वह चुनाव प्रचार के लिए निकले। नवादा के बाद उनके नालंदा के बिहारशरीफ जाने का भी कार्यक्रम बताया गया।
