लाइव सिटीज, गोपालगंज: गोपालगंज से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई. यहां शादी में लौंडा नाच करने पहुंचे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि वह कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देने के बाद स्टेज पर आराम कर रहा था. इसी बीच कुछ मनचले पहुंच गए और उसे जबरन सुनसान जगह पर ले जाने लगे. उसका इनकार करने बदमाशों को नागवार गुजरा. उन्होंने तुरंत पिस्टल निकालकर उसे गोली मार दी और भाग निकले.
मामला गोपालगंज के कटेया थाना क्षेत्र के पटोहवा गांव का है. बताया जाता है कि पटोहवा गांव में महेंद्र कुशवाहा के घर बेटी की बारात आई थी. शादी समारोह के दौरान बारातियों के मनोरंजन के लिए नाच कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. यूपी के देवरिया जिले के महुआ पाटन गांव का रहने वाला 32 वर्षीय सोनू भारती नाच पार्टी में डांसर के रूप में प्रदर्शन कर रहा था. कार्यक्रम के दौरान कुछ मनचले युवकों की नजर उस पर पड़ गई.
डांस प्रस्तुति देने के बाद जब सोनू आराम कर रहा था, तभी कुछ युवक उसे जबरन स्टेज से खींचकर सुनसान जगह ले जाने लगे. सोनू ने इसका विरोध किया और उनके साथ जाने से इनकार कर दिया. इसी बात से नाराज बदमाशों ने पिस्टल निकालकर उसके पेट में गोली मार दी.
गोली लगते ही कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई. घायल सोनू को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. मृतक अपने पीछे तीन मासूम बच्चों और एक छोटे भाई को छोड़ गया है. फिलहाल कटेया थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. इस घटना के बाद कलाकारों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.
