लाइव सिटीज, पटना: बिहार में तीसरे चरण की शिक्षक नियुक्ति (TRE-3) के तहत बहाल NIOS से 18 माह का D.El.Ed करने वाले शिक्षकों पर अब कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है. प्राथमिक शिक्षा निदेशालय के निर्देश के बाद गोपालगंज के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) योगेश कुमार ने ऐसे शिक्षकों की पहचान कर नियमानुसार उनकी सेवा समाप्त करने का आदेश जारी किया है.
प्राथमिक शिक्षा निदेशक विक्रम द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि NIOS से प्राप्त 18 माह का D.El.Ed प्रमाणपत्र विद्यालय अध्यापक के पद पर नियुक्ति के लिए मान्य नहीं है. यदि किसी अभ्यर्थी की नियुक्ति इसी योग्यता के आधार पर हुई है तो नियमानुसार उसकी सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी.
डीईओ के निर्देश के बाद अब गोपालगंज जिले में TRE-3 के तहत नियुक्त शिक्षकों के शैक्षणिक प्रमाणपत्रों और सेवा अभिलेखों की विस्तृत जांच की जाएगी. जांच में यदि किसी शिक्षक की नियुक्ति NIOS के 18 माह D.El.Ed प्रमाणपत्र के आधार पर पाई जाती है तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी. सेवा समाप्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसकी रिपोर्ट प्राथमिक शिक्षा निदेशालय को भेजी जाएगी.
