लाइव सिटीज,पूर्णिया: जिले के बायसी प्रखंड से ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं. महानंदा नदी की तेज धार ने चार मासूम बच्चों को हमेशा के लिए अपने आगोश में समा लिया. गांव में हर तरफ सिर्फ चीख-पुकार, मातम और बेबस परिजनों का दर्द दिखाई दे रहा है.
नदी में नहाने के दौरान अचानक एक बच्चा गहरे पानी में चला गया. उसे बचाने के लिए बाकी बच्चे आगे बढ़े, लेकिन महानंदा की तेज धार ने एक-एक कर सभी को अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर मौजूद लोग बच्चों को बचाने के लिए नदी में कूद पड़े, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला. देखते ही देखते चारों बच्चे आंखों के सामने नदी में डूब गए और गांव में कोहराम मच गया
ग्रामीणों ने प्रशासन और एसडीआरएफ को तुरंत सूचना दी, लेकिन लोगों का आरोप है कि राहत और बचाव टीम घंटों देर से पहुंची. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर रेस्क्यू शुरू होता तो शायद कुछ बच्चों की जान बचाई जा सकती थी.
