लाइव सिटीज, पटना: बिहार के 54 शहरों पर लगभग 968 करोड़ रुपये खर्च किए जायेंगे. फिलहाल इन शहरों के लिए 320 करोड़ आवंटित किए गए हैं. ये रुपये सभी 54 शहरों के विकास पर खर्च किए जायेंगे. इसे लेकर हरी झंडी दे दी गई है. बताया जा रहा है कि विभाग के स्थानीय क्षेत्र विकास अभिकरण के तहत मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत योजनाओं को पूरा किया जाएगा.
जानकारी के मुताबिक, बिहार के 54 शहरों में बुनियादी सुविधाओं को विकसित और मजबूत किया जाएगा. इन शहरों के विधायक और एमएलसी की ओर से अनुशंसित योजनाओं को इंप्लीमेंट किया जाएगा. शहरों में गली-मोहल्ले की सड़कें, पानी की व्यवस्था, नाले, पार्क, फुटपाथ, सड़कें समेत अन्य बुनियादी योजनाओं को विकसित किए जाने की प्लानिंग है.
सभी 54 शहरों में इन योजनाओं को अगले साल यानी कि साल 2027 के मार्च तक पूरा करने का टारगेट सेट किया गया है. इतना ही नहीं, संबंधित शहरों के विधायक या फिर एमएलसी 4 करोड़ रुपये तक की अनुशंसा कर सकते हैं. मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत ये अनुशंसा की जा सकती है. विभाग की तरफ से 54 शहरों के लिए अलग-अलग 45 योजनाओं को मंजूर किया गया है.
जानकारी के मुताबिक, 45 योजनाओं में गली-मोहल्लों को डेवलप करने पर खास जोर दिया गया है. मुख्य रूप से सड़कों को डेवलप किए जाने पर फोकस किया गया है. छोटी और मध्यम लंबाई वाली सड़कें, रोड कनेक्टिविटी और गलियों के पक्कीकरण का भी काम किया जाएगा.
इसके साथ ही कहीं भी पानी जमने की परेशानी ना हो, इसके लिए निकासी और साफ सफाई की भी व्यवस्था की जाएगी. इसके अलावा पानी की व्यवस्था हैंडपंप, नलकूप, पाइपलाइन की व्यवस्था , स्ट्रीट लाइट, छोटे-छोटे पार्क और टॉयलेट की भी व्यवस्था की जाएगी.
