लाइव सिटीज, पटना: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने JEE Main 2026 के नतीजे घोषित कर दिए हैं. इस बार के परिणाम काफी रोमांचक रहे जहां कुल 26 प्रतिभाशाली छात्रों ने पूरे 100 परसेंटाइल का परफेक्ट स्कोर हासिल किया है, लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इन 26 टॉपर्स में सभी लड़के हैं. लिस्ट में एक भी लड़की अपनी जगह नहीं बना पाई.
इस बार 100 परसेंटाइल हासिल करने वाले 26 छात्रों में आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का दबदबा सबसे ज्यादा रहा. दोनों राज्यों से 5-5 छात्र इस लिस्ट में शामिल हुए हैं यानी इन दोनों पड़ोसी राज्यों ने मिलकर आधे से ज्यादा टॉपर्स दिए हैं.आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के अलावा राजस्थान से 4 छात्र, दिल्ली से 3 छात्र,महाराष्ट्र और हरियाणा से 2-2 छात्रों ने 100 परसेंटाइल हासिल किया
उत्तर प्रदेश,बिहार,मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों से भी छात्रों ने अपनी मेहनत से अच्छा प्रदर्शन किया. बिहार से शुभम कुमार, गुजरात से सुश्रुत निगम, तमिलनाडु से शशांक मिश्रा, ओडिशा से मनीष गोयल और झारखंड से आयुष सिंघल जैसे छात्रों ने 100 परसेंटाइल की लिस्ट में जगह बनाई.
100 परसेंटाइल की लिस्ट में हालांकि कोई लड़की नहीं पहुंच पाई, लेकिन लड़कियों का प्रदर्शन भी कम नहीं रहा.महिला वर्ग में तमिलनाडु की महालक्ष्मी अन्ना ने 99.9902287 परसेंटाइल के साथ देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया.उनके ठीक पीछे हरियाणा की श्रेया आशी चौधरी (99.9969766) और राजस्थान की सौम्या गुप्ता (99.9965185) का नाम आता है. राजस्थान की जया चौहान ने भी 100 के बहुत करीब स्कोर किया. लड़कियों का यह प्रदर्शन आने वाले समय के लिए प्रेरणा का स्रोत है.
