लाइव सिटीज, पटना: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पटना के बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश के साथ बिहार की सियासत के कई अहम संकेत भी देखने को मिले. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार सहित कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान सीएम ने चुटेले अंदाज में निशांत कुमार को खाना खाने की सलाह दी.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का संबोधन उस समय चर्चा में आ गया, जब उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को लेकर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की. उन्होंने निशांत कुमार से कहा कि थोड़ा खाना खाया कीजिए. इसके बाद उन्होंने कहा कि हम दोनों भाई मिलकर बिहार को आगे ले जाने का काम करेंगे.
निशांत कुमार के स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद उनकी राजनीतिक सक्रियता और भूमिका को लेकर लगातार चर्चा हो रही है. ऐसे में मुख्यमंत्री का सार्वजनिक मंच से उन्हें भाई कहकर संबोधित करना और साथ मिलकर बिहार को आगे ले जाने की बात कहना दोनों नेताओं के बीच तालमेल का संदेश देता है.कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि आज जिस विशाल और अखंड भारत को हम देख रहे हैं, उसके निर्माण में सरदार पटेल की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही है.
मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल के सम्मान में बिहार में उनकी सबसे बड़ी प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा भी की. यह घोषणा कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण रही. इसके जरिए सरकार ने सरदार पटेल के विचारों और उनके योगदान को बिहार में भी बड़े स्तर पर सम्मान देने का संदेश दिया
उन्होंने कहा की सरदार पटेल ने जिस मजबूत भारत का सपना देखा था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसी संकल्प को विकसित भारत के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं. भारत को आर्थिक और सामरिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम हो रहा है. सरदार पटेल के विचारों से प्रेरणा लेकर देश को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी
