लाइव सिटीज, पटना: बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में मंगलवार को नेशनल रेड रन 4.0 का भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) के मार्गदर्शन में बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य HIV संक्रमण के प्रति लोगों को जागरूक करना, इससे जुड़े सामाजिक भेदभाव को खत्म करना और युवाओं को इस अभियान से जोड़ना था।
कार्यक्रम में देशभर से आए खिलाड़ियों, युवाओं, अधिकारियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। प्रतियोगिता के तहत 10 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई, जिसमें करीब 250 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं, 2 किलोमीटर के वॉकथॉन में लगभग 1000 लोग शामिल हुए। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से HIV से बचाव, समय पर जांच और संक्रमित लोगों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया।
HIV के खिलाफ लड़ाई में युवाओं की भूमिका अहम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि HIV के प्रति जागरूकता फैलाने और संक्रमित व्यक्तियों के साथ होने वाले सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पिछले कुछ वर्षों में जागरूकता अभियान, बेहतर उपचार सुविधाओं और लगातार किए जा रहे प्रयासों से HIV नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।।
उन्होंने कहा कि अब HIV संक्रमित लोगों को लेकर समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। बेहतर उपचार और दवाइयों की उपलब्धता से संक्रमित लोगों के जीवन में नई उम्मीद पैदा हुई है। हालांकि, इस दिशा में अभी और प्रयास करने की जरूरत है। HIV संक्रमण की रोकथाम के साथ मां से बच्चे में होने वाले संक्रमण को पूरी तरह नियंत्रित करना भी प्राथमिकता होनी चाहिए।
कुमार रवि ने कहा कि HIV केवल यौन संपर्क से ही नहीं, बल्कि संक्रमित रक्त और अन्य माध्यमों से भी फैल सकता है। इसलिए जरूरी है कि युवाओं से लेकर समाज के हर वर्ग तक संक्रमण से जुड़ी सही जानकारी पहुंचाई जाए।
सभी राज्यों में जागरूकता अभियान तेज करने की अपील
बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुमित कुमार ने कहा कि नेशनल रेड रन 4.0 में देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए प्रतिभागियों की भागीदारी यह बताती है कि HIV के खिलाफ लड़ाई में पूरा देश एकजुट है।
उन्होंने कहा कि 10 किलोमीटर की दौड़ और 2 किलोमीटर के वॉकथॉन में बड़ी संख्या में लोगों का शामिल होना जागरूकता अभियान के लिए उत्साहजनक है। उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों और अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में भी HIV जागरूकता अभियान को और गति देने की अपील की।
HIV से जुड़ा भेदभाव खत्म करने में सामूहिक प्रयास जरूरी
इस अवसर पर राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) की डिप्टी डायरेक्टर जनरल डॉ. तान्जिन डिकिड ने प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि HIV के प्रति जागरूकता फैलाने में युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। इस तरह के आयोजन लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने के साथ संक्रमित व्यक्तियों के प्रति समाज में फैले भेदभाव को खत्म करने में मददगार साबित होते हैं।उन्होंने कहा कि नेशनल रेड रन 4.0 ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि HIV के खिलाफ लड़ाई में युवा शक्ति और सामूहिक भागीदारी सबसे बड़ी ताकत है।
गर्भवती महिलाओं की HIV जांच जरूरी
यूनिसेफ की फील्ड ऑफिसर मोनिका नेल्सन ने कहा कि HIV के प्रति जागरूकता के साथ-साथ प्रत्येक व्यक्ति के लिए अपनी HIV जांच कराना भी जरूरी है। खासकर गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच होने से संक्रमण का पता शुरुआती चरण में लगाया जा सकता है।उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान यदि HIV संक्रमण की पहचान हो जाती है तो उचित उपचार और देखभाल के जरिए मां से बच्चे में संक्रमण फैलने के खतरे को काफी हद तक रोका जा सकता है। इसलिए गर्भवती महिलाओं की HIV जांच और समय पर उपचार को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
पश्चिम बंगाल के अनुपम महतो और महाराष्ट्र की स्नेहल खरात बने विजेता
कार्यक्रम के समापन पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने 10 किलोमीटर दौड़ की विभिन्न श्रेणियों में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
बॉयज कैटेगरी के विजेता:
प्रथम स्थान: अनुपम महतो (पश्चिम बंगाल)
द्वितीय स्थान: अभिषेक कुमार (उत्तर प्रदेश)
तृतीय स्थान: विद्या सागर (उत्तर प्रदेश)
गर्ल्स कैटेगरी के विजेता:
प्रथम स्थान: स्नेहल खरात (महाराष्ट्र)
द्वितीय स्थान: अंजलि पाटीदार (मध्य प्रदेश)
तृतीय स्थान: सोनी देवी (उत्तर प्रदेश)
अभिनेता अशोक पाठक समेत कई हस्तियां रहीं मौजूद
नेशनल रेड रन 4.0 में विशेष अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय धावक पीयूष राज, अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट शैलेश कुमार और लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ में विनोद की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अशोक पाठक शामिल हुए।इसके अलावा बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के संयुक्त निदेशक (आईईसी) मनोज कुमार सिन्हा, अपर परियोजना निदेशक एनके गुप्ता और सहायक निदेशक (युवा) आलोक सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग और समिति के कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के जरिए बिहार ने राष्ट्रीय स्तर पर HIV जागरूकता का संदेश दिया। आयोजन में शामिल प्रतिभागियों ने यह संकल्प भी दोहराया कि HIV के प्रति सही जानकारी का प्रसार करेंगे और संक्रमित व्यक्तियों के साथ किसी भी तरह का भेदभाव नहीं करेंगे।
