HomeBiharसमस्तीपुर में दर्दनाक हादसा, महनैया चौर में डूबीं चार किशोरियां, दो बहनों...

समस्तीपुर में दर्दनाक हादसा, महनैया चौर में डूबीं चार किशोरियां, दो बहनों की मौत

लाइव सिटीज, समस्तीपुर: समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के महनैया चौर में मंगलवार को एक बड़ा दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां कपड़ा धोने गई चार किशोरियां अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में चली गईं. इस हादसे में दो चचेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता के कारण दो अन्य किशोरियों की जान बचा ली गई. इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.

मृत किशोरियों की पहचान सहबाजपुर महनैया वार्ड संख्या 14 निवासी मोती दास की पुत्री सुस्मिता कुमारी (14) और राज कुमार दास की पुत्री रूबी कुमारी (16) के रूप में की गई है. वहीं, दिनेश सहनी की पुत्री अंशु कुमारी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक अन्य किशोरी सुरक्षित है. परिजनों ने बताया कि दोनों मृत छात्राएं उर्दू मध्य विद्यालय महनैया में पढ़ाई करती थीं, जिसमें सुस्मिता सातवीं और रूबी नौवीं कक्षा की छात्रा थीं.

घटना के संबंध में बताया जाता है कि सभी किशोरियां सहेलियों के साथ चौर में कपड़ा धोने गई थीं. इसी दौरान पैर फिसलने से हादसा हुआ. चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय ग्रामीणों ने पानी में उतरकर तलाश की और दो किशोरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि, जब तक सुस्मिता और रूबी को बाहर निकाला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. दोनों अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थीं, जिससे परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने प्रारंभिक जांच पूरी करने के बाद दोनों किशोरियों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया है. इस मार्मिक घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home