लाइव सिटीज, पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर ट्रेनों में टिकट के लिए मारामारी मची हुई है। इस दौरान भारतीय रेलवे की ओर से दिल्ली से पटना आने वाले यात्रियों के लिए छठ स्पेशल वंदे भारत ट्रेन की व्यवस्था की है। लगातार पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का दावा करने वाली रेलवे की ओर से यात्रियों के लिए एक और गुड न्यूज दी गई है। रेलवे की ओर से नई दिल्ली से पटना के बीच छठ पूजा स्पेशल ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस को चलाने का फैसला किया गया है
इस स्पेशल ट्रेन का परिचालन दिल्ली से पटना के बीच होगा। इसमें यूपी और बिहार आने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी। ये ट्रेन नई दिल्ली से चलने के बाद अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, उसके बाद प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के अलावा आरा और बक्सर स्टेशनों पर ठहरेगी। इस ट्रेन का पूरा शेड्यूल् और टाइमिंग के साथ स्टॉपेज की जानकारी रेलवे की ओर से साझा कर दी गई है।
भीड़ के दौरान यात्रियों को कंफर्म टिकट मिले इसका इंतजाम रेलवे की ओर से किया गया है। पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र की ओर से जानकारी दी गई है कि यात्रियों की सुविधा के लिए ये व्यवस्था की गई है। इसी कड़ी में नई दिल्ली से पटना और पटना से नई दिल्ली के बीच 02252/02251 नंबर की फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है। इसमें 16 कोच होंगे। यात्री इसकी टिकट की बुकिंग कर सकते हैं।
छठ पूजा स्पेशल वंदे भारत की टाइमिंग और शेड्यूल्ड
| गाड़ी सं. 02252 नई दिल्ली-पटना वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस नई दिल्ली से 16 एवं 18 अक्टूबर, 2026 को तथा 21 अक्टूबर से 25 नवंबर, 2026 तक सप्ताह के प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शनिवार को परिचालित किया जाएगा। |
| दिल्ली से यह स्पेशल 08.35 बजे खुलकर 10.21 बजे अलीगढ़, 13.30 बजे कानपुर सेंट्रल, 15.45 बजे प्रयागराज, 18.00 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जं., 19.26 बजे बक्सर एवं 20.10 बजे आरा रुकते हुए उसी दिन 21.30 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। |
| वापसी में, गाड़ी सं. 02251 पटना-नई दिल्ली वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस पटना से 17 एवं 19 अक्टूबर, 2026 को तथा 22 अक्टूबर से 26 नवंबर, 2026 तक सप्ताह के प्रत्येक मंगलवार, गुरूवार एवं रविवार को परिचालित किया जाएगा। |
| पटना से यह स्पेशल 10.00 बजे खुलकर, 10.38 बजे आरा, 11.25 बजे बक्सर, 13.10 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय जं., 15.35 बजे प्रयागराज, 17.50 बजे कानपुर सेंट्रल एवं 20.53 बजे अलीगढ़ रुकते हुए उसी दिन 23.30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। |
