HomeBiharनेपाल में तबाही के बाद बिहार में बढ़ी सतर्कता, गंडक के तटबंधों...

नेपाल में तबाही के बाद बिहार में बढ़ी सतर्कता, गंडक के तटबंधों पर 24 घंटे पहरा

लाइव सिटीज, पटना: नेपाल में आई प्रलयंकारी बाढ़ के बाद बिहार में भी बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। गंडक नदी के बढ़ते खतरे को देखते हुए इससे सीधे प्रभावित आठ जिलों में विशेष निगरानी की जा रही है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में बाढ़ की संभावित स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।

गंडक नदी के अलावा कोसी और बागमती नदी से सटे इलाकों में भी प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इन क्षेत्रों में जलस्तर और नदी के बहाव की लगातार निगरानी की जा रही है। संभावित खतरे को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम भी शुरू कर दिया गया है।

प्रशासन की ओर से गंडक नदी से जुड़े तटबंधों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। अधिकारियों और संबंधित विभागों की टीमें तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं, ताकि कहीं रिसाव या क्षति की स्थिति सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित या संभावित प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी संसाधनों और राहत व्यवस्था को तैयार रखने पर भी जोर दिया गया है। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि स्थानीय स्तर पर लोगों को समय रहते जरूरी जानकारी दी जाए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाए।

नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बिहार में आने वाले समय में नदियों के जलस्तर पर विशेष नजर रखी जा रही है। सरकार और प्रशासन का प्रयास है कि संभावित बाढ़ की स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम से कम किया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home