लाइव सिटीज, नवादा: नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के समाय पंचायत स्थित खालसा ढिबरी गांव में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। यहां एक युवक पर अपने 60 वर्षीय पिता की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी ने पिता के सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई
घटना के बाद आरोपी बेटा घर से फरार हो गया। वारदात की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना का खुलासा तब हुआ जब घर में मौजूद बहू को कमरे से तेज बदबू आने लगी. अनहोनी की आशंका होने पर उसने तुरंत ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। वारदात की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष (इंसपेक्टर) संजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 (प्रभारी) सुरेश प्रसाद भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहनता से छानबीन की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
