लाइव सिटीज, पटना: बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक अहम पहल को आगे बढ़ाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में निशुल्क JEE और NEET-UG कोचिंग की सुविधा को पूरे प्रदेश में विस्तार देने का संकल्प जताया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा है कि बिहार की प्रतिभा अब बिहार में ही निखरेगी। उन्होंने लिखा कि मेधा किसी महंगे शहर या निजी कोचिंग की मोहताज नहीं होती।सही अवसर मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी इतिहास रच सकते हैं। मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि पटना से शुरू हुआ निशुल्क JEE और NEET-UG कोचिंग का सफल प्रयोग अब पूरे बिहार में बदलाव की नई कहानी लिख रहा है।
अनुशासित माहौल और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन के दम पर ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के विद्यार्थी IIT, NIT, AIIMS और देश के प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों तक पहुंच रहे हैं।उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प प्रदेशभर में ऐसी व्यवस्था स्थापित करना है, जिससे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोटा जैसे शहरों में पलायन नहीं करना पड़े। साथ ही उन्हें महंगी निजी कोचिंग का आर्थिक बोझ भी न उठाना पड़े।
