लाइव सिटीज, पटना: पटना में BPSC TRE-4 अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है। छात्र कई मांगों को लेकर सड़क पर उतरे हैं।वे मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़े। प्रशासन ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी. हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी।
पटना में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बीच बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से लेती है और उनका समय पर समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है।
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर छात्र और अभ्यर्थी धरने पर बैठे थे, सरकार ने उन सभी पर पहल करते हुए समाधान कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जिन-जिन मुद्दों को लेकर छात्र धरने पर बैठे थे, उनके सभी मुद्दों का समाधान कर दिया गया है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं की समस्याओं को टालना नहीं, बल्कि बातचीत और उचित प्रक्रिया के जरिए उनका समाधान करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों और अभ्यर्थियों से जुड़े मामलों पर सरकार लगातार नजर बनाए हुए है।
