HomeBiharदेवेश कुमार को मिला ‘त्याग’ का इनाम, बिहार राज्य योजना बोर्ड के...

देवेश कुमार को मिला ‘त्याग’ का इनाम, बिहार राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष बने, कैबिनेट मंत्री का दर्जा

लाइव सिटीज, पटना: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता देवेश कुमार को बिहार में नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें बिहार राज्य योजना बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस पद के साथ उन्हें कैबिनेट मंत्री के स्तर का दर्जा भी दिया गया है। सरकार की ओर से जारी आदेश के बाद उनकी नियुक्ति को लेकर राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद देवेश कुमार ने सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन और बिहार के मुख्यमंत्री एवं योजना बोर्ड के अध्यक्ष सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया। उन्होंने भरोसा जताया कि मिली जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।

पत्रकारिता से राजनीति तक का सफर

देवेश कुमार का राजनीतिक सफर शुरू होने से पहले पत्रकारिता से जुड़ा रहा है। वह स्वतंत्रता सेनानी यमुना कार्जी के पोते हैं। यमुना कार्जी को किसान आंदोलन के प्रमुख नेता स्वामी सहजानंद सरस्वती के करीबी सहयोगियों में माना जाता था। इसी राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि के बीच देवेश कुमार ने भी सार्वजनिक जीवन में अपनी पहचान बनाई।

बीजेपी में कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं

62 वर्षीय देवेश कुमार लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं। पार्टी में उन्होंने अलग-अलग समय पर प्रवक्ता, उपाध्यक्ष और महासचिव समेत कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाली है। संगठन के स्तर पर उनके लंबे अनुभव को देखते हुए नई जिम्मेदारी को अहम माना जा रहा है।

योजना बोर्ड में निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका

बिहार राज्य योजना बोर्ड सरकार की विकास योजनाओं और नीतिगत प्राथमिकताओं से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में उपाध्यक्ष के तौर पर देवेश कुमार के सामने राज्य की विकास योजनाओं, नीतिगत प्रस्तावों और योजना से जुड़े विषयों पर काम करने की जिम्मेदारी होगी।

देवेश कुमार की नियुक्ति के साथ ही उन्हें कैबिनेट मंत्री के समान दर्जा दिए जाने की बात भी सामने आई है। सरकार के आदेश के बाद अब उनकी नई भूमिका औपचारिक रूप से तय हो गई है। इस संबंध में जारी नियुक्ति पत्र में उनके पद और जिम्मेदारियों से जुड़ी जानकारी दी गई है।

आपको बता दें कि ये वही देवेश कुमार हैं जिन्होंने उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश का मंत्री पद बचाने के लिए विधान पार्षद के पद से इस्तीफा दे दिया था।देवेश कुमार ने पिछले महीने ही RLM के दीपक प्रकाश के लिए अपनी MLC की कुर्सी छोड़ दी थी। उनका मनोनयन राज्यपाल ने किया था। 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments