लाइव सिटीज, पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार से आज सीएम सम्राट चौधरी ने मुलाकात की. आज ही नीतीश कुमार 7 सर्कुलर रोड में शिफ्ट हुए हैं. सम्राट चौधरी के सीएम बनने के बाद कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चा तेज है. ऐसे में आज पूर्व सीएम नीतीश कुमार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मुलाकात को लेकर संभावना जताई जा रही है कि दोनों के बीच कैबिनेट विस्तार पर बातचीत हुई होगी.
जानकारी के मुताबिक, जब सीएम सम्राट चौधरी 7 सर्कुलर रोड में नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे थे, उस दौरान अंदर पहले से डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी मौजूद थे.
साथ ही नीतीश कुमार ने आज डिप्टी सीएम विजेंद्र यादव के आवास जाकर भी उनसे मुलाकात की. जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच लगभग 10 मिनट तक मुलाकात हुई. इसके बाद नीतीश कुमार ने पूर्व मंत्री अशोक चौधरी से भी मुलाकात की. दोनों के बीच लगभग 10 मिनट तक बातचीत हुई.
