लाइव सिटीज, बेतिया: बेतिया में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. जहां छठ महापर्व के दिन तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऐसा कहर बरपाया कि दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं. अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे मौजूद सात लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में गंभीर रूप से घायल दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई.
मामला पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लालसरैया चौक का है, जहां रविवार की देर शाम एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क पर मौजूद लोगों को रौंदते हुए निकल गई. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। अचानक हुए इस हादसे के बाद चौक पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.
इस हादसे में सात लोग घायल हो गए. घायलों की पहचान लालसरैया निवासी 48 वर्षीय अशोक चौधरी, 41 वर्षीय लचिना चौधरी, 12 वर्षीय आराध्या कुमारी और 7 वर्षीय अनमोल चौधरी के रूप में हुई है. वहीं, 60 वर्षीय विनोद चंद्र सिंह, 26 वर्षीय मोहम्मद ओसामा और 26 वर्षीय सोनू आलम भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन इलाज के दौरान मोहम्मद ओसामा और सोनू आलम ने दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान बेतिया नगर थाना क्षेत्र के द्वारदेवी चौक निवासी नेयाज आलम के 26 वर्षीय पुत्र मोहम्मद ओसामा और मोहम्मद सोहेब आलम के 26 वर्षीय पुत्र सोनू आलम के रूप में हुई है.
