लाइव सिटीज, पटना: बिहार लोक सेवा आयोग यानी बीपीएससी ने बहुप्रतीक्षित 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है. इस बार की परीक्षा कई मायनों में ऐतिहासिक रही. एक ओर जहां रिक्तियों की संख्या अब तक की सबसे अधिक रही, वहीं दूसरी ओर महिलाओं ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है.
आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार श्रद्धा पांडे ने 593 अंकों के साथ पूरे बिहार में पहला स्थान हासिल किया है. दूसरे स्थान पर शशांक गौरव रहे, जिन्हें 592 अंक प्राप्त हुए हैं, जबकि आयुष विजॉय भी 592 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे. चौथे स्थान पर परीक्षित मदन, पांचवें स्थान पर उदय प्रताप यादव, छठे स्थान पर रश्मि किरण, सातवें स्थान पर लक्ष्मीकांत मिश्रा, आठवें स्थान पर चंद्रकांता कुमार, नौंवें स्थान पर उपासना शर्मा और 10 स्थान पर प्रिया ने कब्जा जमाया. टॉप-10 में पांच महिला अभ्यर्थियों ने जगह बनाई है, जबकि टॉप-100 में 46 महिला उम्मीदवार शामिल हैं.
यह परिणाम राज्य की प्रतियोगी परीक्षाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सफलता का संकेत माना जा रहा है. इस परीक्षा के माध्यम से राज्य सरकार के 27 विभागों में कुल 2035 पदों पर नियुक्ति की जानी थी. आयोग के अनुसार 2027 अभ्यर्थी अंतिम रूप से सफल घोषित किए गए हैं, जबकि दिव्यांग श्रेणी के अंतर्गत डेफ एंड डंब वर्ग में उपयुक्त उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण 8 पद रिक्त रह गए.
आयोग द्वारा जारी कटऑफ भी चर्चा का विषय बना हुआ है. सामान्य वर्ग के लिए मुख्य लिखित परीक्षा का कटऑफ 445 अंक रहा, जबकि अंतिम चयन के लिए कटऑफ 528 अंक निर्धारित किया गया. अनारक्षित महिला वर्ग का अंतिम कटऑफ 521 अंक, ईडब्ल्यूएस का 528, ईबीसी का 523 और पिछड़ा वर्ग का 528 अंक रहा.
अनुसूचित जाति वर्ग का अंतिम कटऑफ 493 तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग का 508 अंक दर्ज किया गया. दिव्यांग वर्गों के लिए अलग-अलग कटऑफ निर्धारित किए गए हैं. आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि 68वीं बीपीएससी में मुख्य लिखित परीक्षा का कट ऑफ 447, 69 वीं बीपीएससी का कट ऑफ 466 और 70 वीं बीपीएससी का कट ऑफ 445 अंक गया है.
