लाइव सिटीज, पटना: विश्व योग दिवस पर बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की मांग पर सीएम सम्राट चौधरी ने बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि वे निर्देशित करेंगे कि अगले साल से योग को भी स्कूल-कॉलेज के पाठ्यक्रम के साथ जोड़ें ताकि बिहार के लोग स्वस्थ रहें।
मुख्यमंत्री रविवार को कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ करने के बाद बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि योग बिहार की धरती से ही फैला है। आज भी मुंगेर के प्राचीन योग केंद्र से योग सीखकर लोग देश-दुनिया में इसे फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का बड़ा बजट स्वास्थ्य पर खर्च होता है। सरकार चाहती है कि आप स्वस्थ रहें। इसलिए योग करें और निरोग रहें।
कार्यक्रम के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सीएम से उन्होंने मांग की है कि बिहार के सभी स्कूल-कॉलेजों व शिक्षण संस्थानों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल करना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए लेकिन इसे बाध्यकारी नहीं किया जाए। जिसकी इच्छा हो वह योगाभ्यास करे।
