लाइव सिटीज, पटना: बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को बिहार विधान परिषद के लिए मनोनीत कर दिया गया है. राज्यपाल ने सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए उनके मनोनयन पर मुहर लगा दी. इसके साथ ही अब वह विधान परिषद के सदस्य बन जाएंगे.
दीपक प्रकाश को उस सीट पर मनोनीत किया गया है, जो बीजेपी एमएलसी देवेश कुमार के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी. सरकार ने इस रिक्त सीट के लिए उनका नाम प्रस्तावित किया था, जिस पर राज्यपाल की सहमति मिलने के बाद मनोनयन की प्रक्रिया पूरी हुई.
दीपक प्रकाश नवंबर 2025 में पहली बार बिहार सरकार में मंत्री बने थे. इसके बाद 8 महीने से ज्यादा समय तक वह विधानसभा और विधान परिषद, दोनों में से किसी भी सदन के सदस्य नहीं रहे. इसके बावजूद वह मंत्री पद की जिम्मेदारी निभाते रहे.
बाद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद गठित सम्राट कैबिनेट में भी दीपक प्रकाश को मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई. हालांकि, उस दौरान भी वह किसी सदन के निर्वाचित या मनोनीत सदस्य नहीं थे.
