लाइव सिटीज, पटना: पटना के गर्दनीबाग में BPSC TRE-4 की मांगों को लेकर धरना दे रहे अभ्यर्थियों से केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुलाकात की। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और 15 सूत्री मांगों की जानकारी ली।अभ्यर्थियों से बातचीत के बाद चिराग पासवान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने छात्रों की मांगों और उनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखा। चिराग ने सरकार से अभ्यर्थियों के मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए समाधान की दिशा में कदम उठाने की अपील की।
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए चिराग पासवान ने कहा कि मैं युवाओं के साथ और हर उस व्यक्ति के साथ मजबूती से खड़ा हूं, जिसके साथ किसी भी कारणवश कोई अन्याय हो रहा है। मुझे नहीं फर्क पड़ता कि मैं उस सरकार का हिस्सा हूं तो क्या मैं विपक्ष की भूमिका बांध रहा हूं। मुझे नहीं लगता कि मैं विपक्ष के रूप में इन बातों को रख रहा हूं। छात्रों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री जी से बातचीत हुई। चिराग ने कहा कि संवाद ही समाधान की ओर लेकर जाएगा। अब हम लोग समाधान की ओर बढ़ रहे हैं।
चिराग पासवान ने कहा कि जिस तरीके से छात्रों ने अपनी बातों को रखा। छात्रों को इतना संघर्ष करना पड़ रहा है। मैंने यह प्रयास किया है कि मैं सेतू का काम करूं और मैंने उचित मंच तक इसे पहुंचाने का काम किया है। मुख्यमंत्री जी से मिलकर छात्रों की समस्याओं का निदान निकालने की बात कही।
मैं जब मुख्यमंत्री जी से मिलने निकल रहा था तब मुझे इस बात का अहसास हुआ कि मैं जिनकी बात रखने जा रहा हूं तो उनसे संवाद करके जाना जरूरी है। छात्रों से गर्दनीबाग जाकर मिला उनकी बातों को सुना। उनकी 15 सूत्री मांगों को समझा और मुख्यमंत्री जी से मिलकर एक एक बिन्दू पर चर्चा की। मुख्यमंत्री जी ने भी बातों को पॉजिटिवली ली। संभवत देर रात मुख्यमंत्री जी विभाग के तमाम अधिकारियों के साथ इस विषय पर चर्चा करेंगे।
चिराग ने कहा कि मैं मानता हूं कि बहुत जल्द इसका समाधान हो जाएगा। संवाद से ही समाधान निकलेगा जो आज मैंने किया। मैं इसको विपक्ष की भूमिका नहीं मानता। मैं इसे एक जायज भूमिका मानता हूं। जब मैं विपक्ष में था उस वक्त मैं इनकी आवाज बना और आज सत्ता पक्ष में हूं तो खामोशी से कान में रूई डालकर बैठ जाऊं यह मेरी सोच नहीं है। मैंने हर उस विषय को उठाया।
