HomeBiharबाढ़ की मार के बीच राहत के लिए आगे आए CM सम्राट...

बाढ़ की मार के बीच राहत के लिए आगे आए CM सम्राट चौधरी, एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया

लाइव सिटीज, पटना: बिहार के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति के बीच राहत और सहायता के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपना एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का फैसला किया है। शनिवार को मुख्यमंत्री ने अपने एक महीने के वेतन की 2.70 लाख रुपये की राशि का चेक मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह को सौंपा। यह कार्यक्रम पटना स्थित लोक सेवक आवास के ‘संकल्प’ में हुआ।

बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राहत कोष में योगदान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आपदा की स्थिति में मुख्यमंत्री राहत कोष जरूरतमंद और प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने राज्य में आई बाढ़ को देखते हुए लोगों से राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील की।

सीएम ने खास तौर पर समाज के सक्षम और आर्थिक रूप से मजबूत लोगों से मुख्यमंत्री राहत कोष में अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देने की बात कही। उनका कहना है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी से बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत और सहायता पहुंचाने के प्रयासों को और मजबूत किया जा सकता है।

भाजपा की ओर से भी राहत कोष में 51 लाख रुपये

मुख्यमंत्री के वेतन दान करने से पहले बिहार भाजपा की ओर से भी मुख्यमंत्री राहत कोष में आर्थिक सहयोग दिया गया है। 18 सितंबर को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने पार्टी की तरफ से 51 लाख रुपये का चेक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपा था। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भी इस योगदान की जानकारी जारी की गई है।इसके अलावा भाजपा की ओर से पार्टी के सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों से भी बाढ़ राहत के लिए अपने एक महीने के वेतन का योगदान देने की अपील की गई है।

पहले ही प्रभावित परिवारों को दी जा चुकी है आर्थिक सहायता

बिहार सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों को सीधे आर्थिक मदद भी दी जा रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार 15 सितंबर को 8 लाख 27 हजार 472 बाढ़ प्रभावित परिवारों के बैंक खातों में 7-7 हजार रुपये की दर से कुल 579.23 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि DBT के माध्यम से भेजने की शुरुआत की गई थी।

सरकार के अनुसार प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री, भोजन, पेयजल और दवाओं की व्यवस्था जारी है। 1,200 से अधिक सामुदायिक रसोई संचालित किए जाने और एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की 21 टीमों के राहत एवं बचाव कार्य में जुटे होने की जानकारी भी मुख्यमंत्री कार्यालय ने दी है।

राहत अभियान में बढ़ रही भागीदारी

बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री राहत कोष में राजनीतिक दलों और अन्य संस्थाओं की ओर से भी आर्थिक सहयोग का सिलसिला जारी है। 17 सितंबर को पटेल ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज ने भी राहत कोष में 71 लाख रुपये का योगदान दिया था।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोगों से अपील की है कि संकट की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए अपनी क्षमता के अनुसार आगे आएं। सरकार का कहना है कि स्थिति सामान्य होने तक प्रभावित इलाकों में राहत और सहायता का काम जारी रखा जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments