HomeBiharमॉडल स्कूलों के बच्चों को बड़ा तोहफा, ऑनलाइन क्लास से होगी NEET-JEE...

मॉडल स्कूलों के बच्चों को बड़ा तोहफा, ऑनलाइन क्लास से होगी NEET-JEE की मुफ्त तैयारी

लाइव सिटीज, पटना: बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी और गरीब परिवारों के बच्चों को अब मेडिकल और इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोटा, दिल्ली या दूसरे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. शिक्षा विभाग ने मॉडल स्कूलों के बच्चों के लिए स्कूल की पढ़ाई के साथ नीट और जेईई की तैयारी कराने की योजना शुरू की है.

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इस अभियान की शुरुआत की गई है, जबकि 17 अगस्त से इसके तहत पहली क्लास शुरू होगी. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि इसे कोचिंग नहीं, बल्कि ‘एक्स्ट्रा क्लासेस’ के रूप में विकसित किया जा रहा है.

शिक्षा मंत्री ने बताया कि राज्य में करीब 4 लाख बच्चों के लिए मॉडल स्कूलों के अंदर पढ़ाई की व्यवस्था शुरू की गई है. इन स्कूलों में गरीब परिवारों के मेधावी बच्चों का नामांकन होता है. विभाग की योजना है कि इन बच्चों को कक्षा 9वीं से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए तैयार किया जाए.

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि जो बच्चा अभी 9वीं कक्षा में है, उसकी तैयारी उसी समय से शुरू कराई जाएगी. सामान्य स्कूली शिक्षा के साथ बच्चों को यह समझने का अवसर मिलेगा कि आगे उन्हें मेडिकल या इंजीनियरिंग के क्षेत्र में जाना है तो किस तरह की तैयारी करनी होगी.

शिक्षा मंत्री ने कहा कि इन अतिरिक्त कक्षाओं में बच्चों को नीट और जेईई जैसी परीक्षाओं के अनुरूप पढ़ाई कराई जाएगी. लाइव क्लास के दौरान समय-समय पर बच्चों का टेस्ट भी लिया जाएगा, ताकि उनकी तैयारी का आकलन किया जा सके. पढ़ाई के लिए आवश्यक स्टडी मैटेरियल भी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जाएगा.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments