लाइव सिटीज, पटना: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का जिक्र करते हुए ‘बौद्धिक नक्सलियों’ को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत ने एक ओर नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है, वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में ‘बौद्धिक नक्सलियों’ का भी उल्लेख किया।
चिराग पासवान के मुताबिक, ऐसे लोग समाज में किसी न किसी तरीके से अराजकता फैलाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग विकसित भारत के निर्माण की कल्पना तक नहीं कर सकते। चिराग ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से ऐसे लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
चिराग पासवान ने केंद्र सरकार के 12 सालों की उपलब्धियों का भी समर्थन किया और कहा, “अगर आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 सालों में हुए कामों को देखें – चाहे वह खेती, शिक्षा या स्वास्थ्य सेवा का क्षेत्र हो -तो तुलनात्मक अध्ययन से आपको निश्चित रूप से पता चलेगा कि लगभग 70 सालों में हुए काम और पिछले 12 सालों में बहुत तेज़ी से हुए काम के बीच क्या अंतर है।
