HomeBiharगयाजी के जंगल में जमीन के नीचे छिपा था हथियारों का जखीरा,...

गयाजी के जंगल में जमीन के नीचे छिपा था हथियारों का जखीरा, SSB-पुलिस ने ऐसे खोज निकाला

लाइव सिटीज, गया : बिहार-झारखंड सीमा से सटे गया जिले के घने जंगल में सुरक्षाबलों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। धनगांई थाना क्षेत्र में SSB और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान इस हथियार डंप का पता लगाया। हथियारों को प्लास्टिक में पैक कर गड्ढा खोदकर जमीन के अंदर छिपाया गया था।

यह कार्रवाई बुधवार तड़के तिलेटाड़ से हिसीर जाने वाले रास्ते के आसपास स्थित जंगल में की गई। इलाका काफी घना और दुर्गम होने के कारण सुरक्षाबलों ने संभावित ठिकानों को चिन्हित करते हुए सघन तलाशी अभियान चलाया।

जमीन के अंदर मिला संदिग्ध ठिकाना

सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों को जंगल में एक जगह जमीन के अंदर कुछ संदिग्ध होने के संकेत मिले। इसके बाद उस स्थान को सावधानी से खंगाला गया। खुदाई करने पर जमीन के अंदर प्लास्टिक में लिपटे पैकेट मिले।पैकेट खोलने पर उसमें हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद हुए। इसके बाद आसपास के इलाके को भी सुरक्षित कर सुरक्षाबलों ने अतिरिक्त हथियार या अन्य संदिग्ध सामान की तलाश शुरू कर दी।

कार्बाइन, पिस्तौल और राइफल समेत 92 कारतूस

बरामद सामान में एक 9 एमएम कार्बाइन और उसकी दो मैगजीन, एक देशी भरमार राइफल, एक देशी कट्टा और एक पिस्तौल शामिल है। इसके अलावा एक 5 वॉट का वॉकी-टॉकी भी मिला है।सुरक्षाबलों के अनुसार हथियारों के साथ कुल 92 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इनमें 9 एमएम के 79 कारतूस और 7.62 एमएम के 13 कारतूस शामिल हैं।

नक्सली कनेक्शन की जांच

गया का यह इलाका बिहार-झारखंड सीमा से सटा हुआ है और लंबे समय से नक्सल विरोधी अभियानों के लिहाज से संवेदनशील रहा है। ऐसे में जंगल के भीतर हथियारों को इस तरह जमीन में छिपाकर रखे जाने को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हथियारों को किसने यहां छिपाया था और उन्हें जंगल तक कब लाया गया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस हथियार डंप का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और इसके पीछे कौन लोग या संगठन जुड़े हैं।

SSB और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

पूरे अभियान का नेतृत्व SSB के उप कमांडेंट रवि भूषण ने किया। कार्रवाई में धनगांई थानाध्यक्ष श्रवण राम और SSB की 29वीं वाहिनी के धनगांई कैंप के सहायक कमांडेंट सनोज कुमार की भी अहम भूमिका रही।हथियार बरामद होने के बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के जंगल में तलाशी और निगरानी और बढ़ा दी है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं इलाके में ऐसे और हथियारों के ठिकाने तो मौजूद नहीं हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments