लाइव सिटीज, पटना: पटना स्नातक सीट पर जनता दल के उम्मीदवार नीरज कुमार ने चुनाव जीतने का दावा किया है। हालांकि अभी औपचारिक ऐलान बाकी है। इस जीत के बाद नीरज कुमार ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि हमने जनबल और कार्यकर्ता बल के सामने धनबल और बाहुबल को झुका दिया। वहीं जब नीरज कुमार से यह सवाल किया गया कि जो मिठाइयां विरोधियों ने बनाई उनका क्या होगा? इस पर तंज कसते हुए नीरज कुमार ने कहा-‘कहां है रे गुंजन.. ले जो मिठाइयां।’
दरअसल, काउंटिंग से पहले ही अनंत सिंह के आवास पर मिठाइयां बननी शुरू हो गई थी। बड़े पैमाने पर कार्यकर्ता भी जुटे हुए थे और यह कहा जा रहा था कि जनसुराज के उम्मीदवार अनुज भारी मतों से जीतेंगे, इसी खुशी में मिठाइयां बन रही हैं। खुद अनंत सिंह ने भी दावा किया था कि चुनाव में जनसुराज के अनुज भारी मतों से जीतेंगे। इस जीत का उन्हें पक्का विश्वास है इसलिए काउंटिंग शुरू होने के पहले से ही मिठाइयां बन रही हैं।
बता दें कि इस चुनाव में अनंत सिंह खुलकर पार्टी के खिलाफ मैदान में उतर गए। उन्हों समझाने की काफी कोशिशें पार्टी की ओर से की गईं लेकिन अनंत नहीं माने और जनसुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर दिया। वे खुलकर अनुज सिंह का प्रचार करने लगे। अनंत सिंह एक बड़े काफिले के साथ अनुज सिंह के नामांकन में भी शामिल हुए। अनंत को समझाने की कोशिशें जारी रहीं। एमएलसी चुनाव की वोटिंग के बाद जनता दल यूनाइटेड ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया। अनंत सिंह को 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया।
