लाइव सिटीज, पटना: पटना में महिला पुलिस कांस्टेबल के पति ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र के बीच बाजार में सोमवार शाम की है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी.
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि, एक किराये के मकान में गोली चलने की आवाज सुनाई दी. मकान मालिक राम पुकार सिंह के घर में महिला सिपाही श्रुति कुमारी अपने पति राज आर्य के साथ किराये पर रहती थीं. अचानक कमरे से गोली चलने की आवाज आई.
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग कमरे की ओर दौड़े. कमरे में राज आर्य गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले. उनके सिर में गोली लगी थी. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि घर में रखे सर्विस रिवॉल्वर से गोली चली थी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई.
जानकारी के अनुसार, श्रुति कुमारी 112 टीम में महिला सिपाही के पद पर तैनात हैं. राज आर्य और श्रुति कुमारी की शादी करीब 6 वर्ष पूर्व हुई थी और दोनों बिक्रम बाजार स्थित राम पुकार सिंह के किराये के मकान में पिछले 1 साल से रह रही थीं. हालांकि पति कभी-कभी ही घर पर आया करता था. घटना से तीन दिन पहले पति आया था. सोमवार की देर शाम दोनों के बीच विवाद हुआ. विवाद में ही यह घटना घटी.
