लाइव सिटीज, पटना: बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले लिया है. गृह विभाग ने उनका वीआरएस मंजूर भी कर लिया. इसके तुरंत बाद विनय कुमार को नया बिहार राज्य मुख्य सूचना आयुक्त बनाया गया. उनके नए पदभार की अधिसूचना जारी कर दी गई है. बता दें, विनय कुमार फिलहाल छुट्टी पर गए हुए हैं.
विनय कुमार दिसंबर 2026 में रिटायर होने वाले थे. इस बीच उनकी छुट्टी के दौरान ही VRS और नई नियुक्ति दोनों को बिहार सरकार ने मंजूर कर दिया है. छुट्टी से लौटते ही वे मुख्य सूचना आयुक्त का पद संभालेंगे.
सरकारी नियमों के अनुसार वीआरएस के लिए आमतौर पर तीन महीने पहले प्रस्ताव देना होता है. सरकार ने इस मामले में नियमों में छूट दी है. विनय कुमार का वीआरएस तत्काल प्रभाव से मंजूर किया गया है.अब छुट्टी पूरी होने के बाद वह मुख्य सूचना आयुक्त का पद संभालेंगे. उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से शुरू होगा.
सामान्य प्रशासन विभाग ने शनिवार को विनय कुमार की नियुक्ति की अधिसूचना जारी की. इसमें उन्हें पदभार ग्रहण करने की तारीख से मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया गया है. बता दें कि विनय कुमार 15 सितंबर से छुट्टी पर हैं. उन्हें पांच अक्टूबर तक की छुट्टी मंजूर हुई थी. उनकी गैरमौजूदगी में प्रीता वर्मा को डीजीपी का प्रभार दिया गया है.
सरकार ने पूर्व विधि विभाग सचिव अंजनी कुमार को भी राज्य सूचना आयुक्त बनाने का फैसला किया है. अंजनी कुमार न्यायिक सेवा के अधिकारी रह चुके हैं.
इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में त्रिसदस्यीय चयन समिति की बैठक हुई थी. इसमें विनय कुमार को मुख्य सूचना आयुक्त और अंजनी कुमार को राज्य सूचना आयुक्त बनाने पर सहमति बनी.
