लाइव सिटीज, पटना: बिहार में साइक्लोन अर्नब का असर अब कमजोर पड़ गया है। बीते 72 घंटे से लगातार हो रही बारिश और तेज हवा के चलते राज्य में अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री तक पहुंच गया है।मौसम विभाग के अनुसार, आज कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। 30 सितंबर तक बारिश का दौर कमजोर पड़ने की संभावना है। कई जिलों में धूप निकलने के भी आसार हैं।
इधर, नेपाल के तराई क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते गंडक और कोसी नदियां उफान पर हैं। इससे 17 जिलों के करीब 6 हजार गांव टापू बन गए हैं, जबकि करीब 500 गांव बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं।सुपौल के 50 गांवों में बाढ़ की स्थिति है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए कोसी बराज के 43 और गंडक बराज के सभी 36 गेट खोल दिए गए हैं।
बीते 24 घंटे में पटना समेत 6 जिलों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा बारिश खगड़िया में दर्ज की गई, जो सामान्य से 474% अधिक रही। वहीं, सीवान और बेगूसराय में सामान्य से 450%, जबकि मुंगेर में 339% से अधिक बारिश दर्ज की गई।
शनिवार को पटना समेत कई जिलों में दिनभर काले बादल छाए रहे। 50kmph की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। रुक-रुककर बारिश होती रही। राजधानी के कंकड़बाग, डाकबंगला चौराहा, जंक्शन, राजेंद्र नगर, राजीव नगर, इंद्रपुरी समेत कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई।वहीं, बाढ़ के दियारा इलाके में करीब 1 किमी के दायरे में भीषण कटाव हो रहा है। कटाव के चलते चिरैया गांव पर संकट मंडरा रहा है।
