HomeBiharSC-ST आरक्षण में क्रीमी लेयर पर सियासत तेज, चिराग पासवान ने मांझी...

SC-ST आरक्षण में क्रीमी लेयर पर सियासत तेज, चिराग पासवान ने मांझी और संतोष सुमन से मांगा इस्तीफा

लाइव सिटीज, पटना: बिहार में आरक्षण को लेकर NDA के भीतर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और बिहार सरकार में मंत्री संतोष सुमन के रुख पर सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है।

चिराग पासवान ने कहा कि अगर जीतन राम मांझी अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आरक्षण में क्रीमी लेयर की व्यवस्था लागू करने की बात कर रहे हैं, तो उन्हें पहले अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने संतोष सुमन के इस्तीफे की मांग भी की।

चिराग ने आरक्षण के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि SC-ST समुदाय को आरक्षण आर्थिक स्थिति के आधार पर नहीं, बल्कि लंबे समय से चले आ रहे सामाजिक भेदभाव और वंचना के कारण दिया गया है। उनके मुताबिक, आरक्षण का मूल आधार सामाजिक पिछड़ापन और भेदभाव है, इसलिए इसे केवल आर्थिक स्थिति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

चिराग ने यह भी कहा कि अगर क्रीमी लेयर जैसे मुद्दे पर बात करनी है तो इसकी चर्चा संसद में होनी चाहिए। उनका कहना है कि संविधान में बदलाव या आरक्षण की मौजूदा व्यवस्था में किसी बड़े परिवर्तन की बात हो तो सभी पक्षों को लोकसभा के पटल पर आकर अपनी बात रखनी चाहिए।

दरअसल, जीतन राम मांझी और उनके बेटे संतोष सुमन आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा और SC-ST आरक्षण के भीतर वर्गीकरण तथा कोटे में कोटा की मांग उठा रहे हैं। संतोष सुमन का कहना है कि उनकी मांग आरक्षण समाप्त करने की नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करने की है कि आरक्षण का लाभ सबसे अधिक वंचित समुदायों तक भी पहुंचे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments