लाइव सिटीज, पटना: पटना में बांकीपुर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर प्रशांत किशोर की मुख्य सचिव और डीजीपी से मुलाकात का मामला अब चर्चा में है। इस मुलाकात को लेकर उठ रहे सवालों के बीच प्रशांत किशोर ने अपना पक्ष साफ किया है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि वह मीडिया के माध्यम से यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनसे मुलाकात किसी डर या किसी खास प्रभाव की वजह से नहीं की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का समय देना और बातचीत करना उनका बड़प्पन है।
पीके ने कहा कि बांकीपुर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर उन्होंने सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात को इस तरह से पेश किया जा रहा है, जैसे प्रशांत किशोर कोई बहुत बड़े व्यक्ति हैं और इसी वजह से अधिकारी उनसे मिलने पहुंचे। उन्होंने इसे गलत बताया।
प्रशांत किशोर ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। उन्होंने अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने व्यस्त समय में से समय निकाला और बांकीपुर की समस्याओं पर बातचीत की।
उन्होंने साफ किया कि इस मुलाकात को किसी दबाव, डर या प्रभाव से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उनका मकसद सिर्फ बांकीपुर क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखना और उनके समाधान को लेकर बातचीत करना था।
