लाइव सिटीज, पटना: नेपाल में आई बाढ़ के मद्देनजर बिहार में गंडक नदी के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को लेकर जल संसाधन विभाग अलर्ट मोड में है. जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने मुख्यालय स्थित केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
गंडक नदी में संभावित जलप्रवाह और जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए वाल्मीकिनगर गंडक बराज के सभी 36 गेट खोल दिए गए हैं. बराज की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. मुख्यालय की ओर से अधीक्षण अभियंता के नेतृत्व में एक तकनीकी दल को भी वाल्मीकिनगर भेजा गया है, जो मौके पर स्थिति की निगरानी करेगा.
जल संसाधन विभाग की ओर से गंडक नदी बेसिन में आने वाले सभी संबंधित जिलों को चेतावनी संवाद जारी किया गया है. अधिकारियों को नदियों के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया है. संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है.
जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने लगातार चौकसी और निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया है. विभाग नेपाल और तिब्बत क्षेत्र में बने हालात के कारण गंडक नदी में होने वाले संभावित बदलाव पर लगातार नजर रख रहा है. फिलहाल विभाग की प्राथमिकता गंडक नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि के बीच तटबंधों की सुरक्षा और निचले इलाकों में किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी सुनिश्चित करना है
