HomeBiharबेटी की छठी के दिन पत्नी की गोली मारकर हत्या, पति ने...

बेटी की छठी के दिन पत्नी की गोली मारकर हत्या, पति ने विवाद के बाद मारी गोली

लाइव सिटीज, समस्तीपुर: समस्तीपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नवजात बेटी की छठी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक विवाहिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है।

मामला हलई थाना क्षेत्र के चकलालशाही गांव का है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात घर में नवजात बेटी की छठी का कार्यक्रम चल रहा था। परिवार के लोग कार्यक्रम में व्यस्त थे और घर में खुशी का माहौल था। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद पति ने अपनी पत्नी को गोली मार दी। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश में जुटे, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना की जानकारी मिलते ही हलई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। वहीं, घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।

एक तरफ घर में नवजात बच्ची के जन्म की खुशी में छठी का कार्यक्रम चल रहा था, वहीं दूसरी तरफ इसी दौरान मां की हत्या ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments