लाइव सिटीज, कटिहार: कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र में खेत में काम करने से इनकार करने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज एक युवक ने मजदूर गणेश रविदास पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे मृतक के भाई *त्रिलोक रविदास को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पंकज यादव का पुत्र सौरव यादव गणेश को अपने कद्दू के खेत में पानी पटवन के काम के लिए बुलाने आया था। गणेश ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज सौरव ने गणेश के पेट में चाकू घोंप दिया। भाई को बचाने पहुंचे त्रिलोक पर भी हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल गणेश को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई। वहीं घायल त्रिलोक का इलाज फलका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। मृतक महादलित परिवार से बताया जा रहा है।
घटना के बाद मृतक की मां का दर्दनाक दृश्य देखकर हर कोई भावुक हो उठा। परिजनों के मुताबिक, सुखो देवी अपने जवान बेटे गणेश का शव गोद में लेकर पोठिया थाना पहुंच गईं। बाद में अस्पताल परिसर में भी वह बेटे बेटे को पुकारती मां की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
