लाइव सिटीज, मोतिहारी: बिहार के बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। यहां आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा ने अचानक वंदे भारत ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। घटना के समय ट्रेन स्टेशन से गुजर रही थी। लोको पायलट ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगाया, जिससे छात्रा की जान बच गई।
बताया जा रहा है कि छात्रा को घर पर मोबाइल देखने से मना किया गया था। इसी बात से नाराज होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाने की कोशिश की। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। छात्रा आश्चर्यजनक ढंग से ट्रेन की चपेट में आने से बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना महज चंद सेकेंड के अंतर से टल गई। अगर लोको पायलट ने समय रहते ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित नहीं की होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों ने छात्रा को संभाला और मामले की जानकारी परिजनों को दी।
