HomeBihar15 अगस्त को बिहार के 30 हजार भूमिहीन परिवारों को बड़ी सौगात,...

15 अगस्त को बिहार के 30 हजार भूमिहीन परिवारों को बड़ी सौगात, मंत्री दिलीप जायसवाल बोले- बदलेगी जिंदगी

लाइव सिटीज, पटना: बिहार सरकार राज्य के 30 हजार भूमिहीन परिवारों को बड़ी सौगात देने जा रही है. इन परिवारों को रहने के लिए जमीन उपलब्ध कराई जाएगी और पात्र लाभुकों को बासगीत पर्चा दिया जाएगा. सरकार के इस फैसले से लंबे समय से जमीन के अभाव में रह रहे हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

प्रदेश कार्यालय में आयोजित सहयोग कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि पूरे बिहार से 100 से अधिक लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे. ज्यादातर मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग लगातार आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है.

दिलीप जायसवाल ने कहा कि 15 अगस्त से शुरू होने वाला बासगीत पर्चा वितरण अभियान करीब एक महीने तक चलेगा. उन्होंने दावा किया कि एक साथ 30 हजार भूमिहीन लोगों को पर्चा उपलब्ध कराना देश में पहली बार हो रहा है. उन्होंने आगे कहा कि इससे भूमिहीन और गरीब परिवारों को अपनी जमीन मिलेगी और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनके लिए मकान बनाए जा सकेंगे, यानी बेघर को घर और भूमिहीन को भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में काम होगा.’

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments