लाइव सिटीज, पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक भाई वीरेंद्र ने बिहार में शराबबंदी कानून के क्रियान्वयन को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला.उन्होंने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस शराबबंदी को प्रभावी तरीके से लागू करने के बजाय सिर्फ औपचारिकता निभा रही है.भाई वीरेंद्र ने कहा कि राज्य में शराब की अवैध बिक्री और तस्करी पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है. उन्होंने सरकार से शराबबंदी कानून की मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की.
भाई वीरेंद्र ने खास तौर पर डायल-112 पुलिस सेवा की कार्यशैली पर सवाल उठाया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार पुलिस “गश्ती नहीं, मटरगश्ती कर रही है.” उनका आरोप है कि पुलिस की सक्रियता और जवाबदेही में कमी के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है.
राजद विधायक ने कहा कि विपक्ष की जिम्मेदारी सरकार को उसकी कमियों के प्रति सचेत करना है. राजद आगे भी अपराध और कानून-व्यवस्था के मुद्दे को मजबूती से उठाता रहेगा. मुख्यमंत्री से उन्होंने उम्मीद जताई कि अपराध पर नियंत्रण के लिए सरकार ठोस और प्रभावी कदम उठाएगी.
भाई वीरेंद्र ने बिहार में शराबबंदी कानून की समीक्षा की भी मांग की. उन्होंने कहा कि शराबबंदी लागू करने से पहले व्यापक स्तर पर सर्वेक्षण नहीं कराया गया था और इसके परिणाम आज सामने आ रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि शराब तस्करी पर पूरी तरह रोक नहीं लग सकी है. सीमावर्ती इलाकों से शराब की खेप बिहार पहुंचने के मामले लगातार सामने आते हैं.
