लाइव सिटीज, पटना: बिहार के शहरों में चलने वाली डीजल बसों को धीरे-धीरे हटाया जाएगा. उनकी जगह इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी. इस योजना की शुरुआत पटना, मुजफ्फरपुर और गयाजी से की जा रही है.सरकार के इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत सबसे पहले पटना, मुजफ्फरपुर और गयाजी में डीजल सिटी बसों को हटाया जाएगा. इनकी जगह इलेक्ट्रिक बसें सड़क पर उतरेंगी. इसका मकसद शहरों में बसों से निकलने वाले धुएं को कम करना और लोगों को साफ हवा देना है.
योजना के तहत इन तीनों शहरों में चलने वाली डीजल बसों को पूरी तरह हटाने की तैयारी है. इसके बाद शहरों की सार्वजनिक बस सेवा में इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों को ज्यादा जगह दी जाएगी.
परिवहन विभाग ने बताया कि 25 अगस्त तक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 75 पीएम इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इनमें पटना के लिए 50 बसें, जबकि मुजफ्फरपुर और गयाजी के लिए 25 बसें शामिल हैं.सरकार की योजना के अनुसार दिसंबर तक इन तीनों शहरों में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो जाएगा. इसके बाद मार्च 2027 तक इन शहरों में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या को बढ़ाकर करीब दोगुना करने की तैयारी है.
