लाइव सिटीज, पटना: मंत्री अशोक चौधरी के आप्त सचिव रक्षित कश्यप से फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. आरोप है कि मंत्री के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल और उससे जुड़े जीमेल अकाउंट के एक्सेस को लेकर यह पूरा विवाद उत्पन्न हुआ है. मामले को गंभीरता से लेते हुए पटना के साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है.
लिखित शिकायत के अनुसार, मंत्री अशोक चौधरी के पूर्व निजी सहायक निशांत केतु झा अभी भी मंत्री के आधिकारिक एक्स हैंडल और उससे जुड़े जीमेल अकाउंट का नियंत्रण अपने पास रखे हुए हैं. आरोप है कि अकाउंट का एक्सेस वापस देने के बदले फिरौती की मांग की जा रही है.
एक्सेस नहीं देने के साथ-साथ लगातार दबाव बनाया जा रहा है और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है.शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि मंत्री के करीबी इंद्रमोहन कुमार टुन्ना को भी धमकी भरे वॉइस नोट भेजे गए हैं. इन वॉइस नोट्स में गोली मारने और किसी भी हद तक जाने की धमकी दी गई है. इस घटना के सामने आने के बाद मंत्री और उनके सहयोगियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है.
