लाइव सिटीज, दरभंगा: दरभंगा में लोकआस्था के महापर्व छठ की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब पटाखा फोड़ने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद दोस्तों के साथ पटाखा फोड़ने के दौरान ये घटना घटी है. मामला बहेड़ी थाना क्षेत्र के मिटुनिया गांव का है.
मृतक की पहचान मिटुनिया गांव निवासी वकील यादव के पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया पटाखा फोड़ने के दौरान स्टील के ग्लास का धारदार टुकड़ा उड़कर उसके गले में जा फंसा. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है.
मृतक के चाचा बैजू कुमार ने बताया कि सोमवार की सुबह अर्घ्य देने के बाद आयुष अपने दोस्तों के साथ पटाखा फोड़ने गया था. इसी दौरान स्टील ग्लास का धारदार टुकड़ा उड़कर उसके गले में जा फंसा, जिससे उसकी मौत हो गई.आयुष की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मां चांदमुनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं दादी फूलो देवी पोते की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पा रही हैं और बार-बार बेहोश हो जा रही हैं. परिजनों के चीत्कार से गांव का माहौल गमगीन हो गया है.
