HomeBihar19 नवंबर से शुरू होगी इंटर की सेंटअप परीक्षा, फेल या अनुपस्थित...

19 नवंबर से शुरू होगी इंटर की सेंटअप परीक्षा, फेल या अनुपस्थित रहने वाले छात्रों को नहीं मिलेगा एडमिट कार्ड

लाइव सिटीज, पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के तत्वावधान में आयोजित इंटर की सेंटअप परीक्षा 19 नवंबर, गुरुवार से शुरू होगी. इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है. परीक्षा का निर्वाध संचालन सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड ने संबंधित शिक्षण संस्थानों के प्रधानाध्यापकों को केंद्र अधीक्षक (सीएस) की जिम्मेदारी दी है. इसके साथ ही बीएसईबी ने कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं.

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यार्थियों की वर्ग कक्ष में उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम रही है, उन्हें सेंटअप परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी. जानकारी के अनुसार, जिले के सभी 250 इंटर स्तरीय शिक्षण संस्थानों में 12वीं की सेंटअप परीक्षा आयोजित की जानी है. इनमें 88 राजकीयकृत एवं चार प्रोजेक्ट हाई स्कूल, 146 उत्क्रमित उच्च विद्यालय और 20 संबद्ध कॉलेज शामिल हैं. जिले के आठ अनुदानित इंटर कॉलेजों का कोड निरस्त है.

मैट्रिक और इंटर की सेंटअप परीक्षा संपन्न कराने के लिए बोर्ड ने जिला शिक्षा कार्यालय के माध्यम से सीलबंद लिफाफे में प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए हैं. इसके साथ ही ओएमआर शीट और उत्तर पुस्तिकाएं भी भेजी जा रही हैं. जिला शिक्षा कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार से कोडवार प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा.

इस बार की सेंटअप परीक्षा में मैट्रिक के 39,111 और इंटर के 32,257 यानी कुल 71,368 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे. हालांकि, यह आंकड़ा अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुआ है. इसमें कुछ अंतर भी हो सकता है.बिहार बोर्ड ने सेंटअप परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है. निर्धारित समय के अनुसार, पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी. बोर्ड ने परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़कर समझने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home