लाइव सिटीज, पटना: बिहार पुलिस में चालक सिपाही भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है. विज्ञापन संख्या 02/2025 के तहत बिहार पुलिस में चालक सिपाही के पदों पर भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत मोटर वाहन चालक दक्षता परीक्षा (DET) की तिथि और प्रवेश पत्र से संबंधित कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है. पर्षद ने स्पष्ट किया है कि चयनित अभ्यर्थियों की ड्राइविंग दक्षता परीक्षा 24 अगस्त 2026 से आयोजित की जाएगी.
केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा जारी सूचना के अनुसार, बिहार पुलिस में चालक सिपाही के 4,361 पदों के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के आधार पर मोटर वाहन चालक दक्षता परीक्षा (DET) हेतु चयनित अभ्यर्थियों की सूची 28 अप्रैल 2026 को पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जा चुकी है. अब इन्हीं सफल अभ्यर्थियों को ड्राइविंग टेस्ट में शामिल होना होगा.
पर्षद के मुताबिक मोटर वाहन चालक दक्षता परीक्षा (DET) का आयोजन पटना स्थित बिहार सैन्य पुलिस-5 (BMP-5) के मैदान में 24 अगस्त 2026 से किया जाएगा. परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों की वाहन चलाने की व्यावहारिक क्षमता और तकनीकी दक्षता का परीक्षण किया जाएगा. इसके बाद ही भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण की कार्रवाई पूरी की जाएगी.
सूचना के अनुसार, ड्राइविंग दक्षता परीक्षा की तिथि, समय, रिपोर्टिंग का विवरण तथा प्रवेश पत्र 10 अगस्त 2026 को रात 12 बजे से केंद्रीय चयन पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट https://csbc.bihar.gov.in पर उपलब्ध होगी. अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर “Download Admit Card for DET of Bihar Driver Constable of Advt. No. 02/2025” लिंक के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे.
केंद्रीय चयन पर्षद ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र डाक के माध्यम से नहीं भेजा जाएगा. सभी अभ्यर्थियों को केवल ऑनलाइन माध्यम से ही अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा. ऐसे में अभ्यर्थियों को समय रहते वेबसाइट पर जाकर प्रवेश पत्र डाउनलोड करने और उसमें अंकित सभी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.
